रिसाली नगर निगम चुनाव :; सत्ताधारी दल भाजपा में सरगर्मी तेज, महापौर पद के प्रत्याशी चयन हेतु मंथन का दौर शुरू…

भिलाई : रिसाली नगर निगम चुनाव को लेकर सत्ताधारी दल भाजपा में चुनावी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। चुनाव को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा व तैयारियों का दौर शुरू हो गया है।
रिसाली महापौर प्रत्याशी चयन का क्या रहेगा फैक्टर
नगर पालिक निगम रिसाली में अनुसूचित जाति महिला वर्ग से महापौर प्रत्याशी के लिए भाजपा में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्टी के भीतर संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा और मंथन का दौर जारी है। रिसाली नगर निगम में वर्तमान में कांग्रेस काबिज है, लेकिन राज्य में सत्ताधारी दल होने के कारण भाजपा एक कदम आगे दिख रही है। भारतीय जनता पार्टी ने रिसाली में अपना परचम लहराने के लिए मशक्कत शुरू कर दी है इसलिए भाजपा ने उपमुख्यमंत्री और नगरीय निकाय विभाग मंत्री अरुण साव को चुनाव संचालन की कमान दी है।
यहां भाजपा के सामने महापौर पद के लिए कई अनुभवी और सक्रिय महिला दावेदार हैं। ऐसे में पार्टी नेतृत्व प्रत्याशी चयन के दौरान संगठन के प्रति योगदान, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय, स्थानीय जनाधार, सामाजिक स्वीकार्यता, नेतृत्व क्षमता और चुनावी प्रबंधन जैसे पहलुओं पर विचार करेगा। स्थानीय बनाम बाहरी चेहरे की चर्चा भी एक बड़ा फैक्टर रहने वाला है।
कौन हैं संभावित दावेदार
प्रारंभिक तौर पर भाजपा से पार्वती ढीढी, चंदेश्वरी बांधे, तेजस्वी सोनवानी, डॉ. पार्वती कुर्रे और सुनीता कोसरे का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है।
इसमें कोई संदेह नहीं है कि सभी दावेदारों में पार्वती ढीढी सबसे वरिष्ठतम भाजपा नेत्री है, उसके बाद चंदेश्वरी बांधे एक वरिष्ठ नेत्री है जो पूर्व में अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री रहने के साथ-साथ समीपवर्ती भिलाई नगर निगम के नेहरू नगर वार्ड से पार्षद रही है। वही तेजस्वी सोनवानी की उपस्थिति युवा चेहरे के रूप में भाजपा के कार्यक्रमों में लगातार दिखती रही है साथ में स्वतंत्र रूप से रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी उनका जुड़ाव सामने आता रहा है। डॉ. पार्वती कुर्रे 16 वर्ष तक आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर के पद पर रहने के बाद त्यागपत्र देकर सक्रिय राजनीति के सफर में शामिल हुई है। वही सुनीता कोसरे सामाजिक स्तर पर सक्रियता के आधार पर अपनी दावेदारी पेश कर रही है।
दावेदारों की पंहुच और संगठन की तैयारी
सभी दावेदार सांसद-विधायक से लेकर प्रदेश स्तरीय नेताओं तक पहुंच कर अपने पक्ष में बातें रख रहे हैं लेकिन भाजपा में प्रत्याशी चयन के लिए वरिष्ठता, संगठनात्मक सक्रियता और सामाजिक सरोकार ही पर्याप्त आधार नहीं होता है बल्कि जीतने वाले चेहरे पर ही दांव लगाने पर अधिक जोर दिया जाता है। भाजपा के अंदरखाने में यह बात स्पष्ट रूप से गूंज रही है कि रिसाली नगर निगम के सभी 40 वार्डों में सर्वाधिक संपर्क रखने वाले को महापौर प्रत्याशी बनाना प्राथमिकता होगी, जो स्वयं के साथ-साथ 40 पार्षदों के लिए भी वोट खींच सके। विगत 13 नवंबर को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने चुनावी गतिविधियों को गति दी है मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर निर्धारित है, जबकि 2 दिसंबर के आसपास आचार संहिता लागू होने की संभावना राजनीतिक हलकों में व्यक्त की जा रही है। ऐसे में पार्टी के भीतर प्रत्याशी चयन को लेकर विचार-विमर्श और तेज होने की संभावना है।